नरसिंहपुर जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत 20 और 21 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर पर्यावरण, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य और नशामुक्ति से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह अभियान राज्य शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है।
सिहोरा में पौधरोपण, मानकवारा में सड़क सुरक्षा कार्यक्रम
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग 20 सितंबर को सिहोरा में पौधरोपण कराएगा। लोक निर्माण विभाग का सेतु निर्माण उपसंभाग आरओबी-262 मानकवारा में यातायात संकेतकों और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की जानकारी देगा।
खास बातें
- 20 सितंबर को सिहोरा और मानकवारा में कार्यक्रम
- 21 सितंबर को छात्रावासों, राशन दुकानों व ईंधन केंद्रों पर पौधरोपण
- स्कूल-कॉलेजों में ‘मेरे सपनों का भारत-सेवा’ पर चित्र प्रदर्शनी
21 सितंबर को कई स्थानों पर बढ़ेगी हरियाली
जनजातीय कार्य विभाग जिले के सभी छात्रावास परिसरों में पौधरोपण करेगा, जबकि खाद्य आपूर्ति विभाग गोटेगांव में कार्यक्रम आयोजित करेगा। जिले की सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों, पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों में भी पौधे लगाए जाने हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग जिले के सभी स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत-सेवा’ विषय पर चित्रकला प्रदर्शनी लगाएगा। महाविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के चित्र प्रदर्शित होंगे और प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान के लिए प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
नशामुक्ति शपथ से योग और स्वास्थ्य गतिविधियों तक
आजीविका मिशन करेली विकासखंड के सीटीसी में नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित करेगा। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के निरीक्षण भवन, बरगी कॉलोनी नरसिंहपुर में योग एवं ध्यान सत्र रखा गया है।
मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण कोसमखेड़ा से मेहगुवां मार्ग पर शोल्डर और जंगल की सफाई के साथ सड़क सुरक्षा संबंधी काम करेगा। मत्स्य विभाग की टीम झौंतेश्वर स्थित वृद्धाश्रम का दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक भ्रमण करेगी, जबकि स्वास्थ्य विभाग जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में कुष्ठ रोगियों की खोज के लिए कार्यक्रम चलाएगा।





