ग्रामीण आबादी क्षेत्र के नागरिकों को उनकी संपत्ति का वैधानिक मालिकाना हक दिलाने के उद्देश्य से संचालित स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में नरसिंहपुर जिला उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। कलेक्टर श्रीमति रजनी सिंह के सतत मार्गदर्शन एवं राजस्व अमले की सक्रियता से जिले में योजना के तहत भूखंडों के पंजीयन एवं अधिकार अभिलेख तैयार करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिले की इस उपलब्धि के साथ नरसिंहपुर प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल है, वहीं गाडरवारा तहसील ने भी प्रदेश की टॉप-10 तहसीलों में अपना स्थान बनाया है।
भू-अभिलेख शाखा द्वारा जारी 13 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल एक लाख 12 हजार 258 लक्षित भूखंडों के विरुद्ध 60 हजार 679 भूखंडों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस प्रकार जिले ने कुल लक्ष्य का 54.05 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है।
गाडरवारा तहसील का प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन
स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में गाडरवारा तहसील ने विशेष उपलब्धि हासिल की है। जिले की सर्वाधिक 30 हजार 453 लक्षित भूखंडों वाली इस तहसील में अब तक 16 हजार 303 भूखंडों का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 53.53 प्रतिशत है। इस उपलब्धि के साथ गाडरवारा तहसील ने प्रदेश की टॉप-10 तहसीलों में स्थान प्राप्त किया है।
निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिले में स्वामित्व योजना का कार्य चौबीस घंटे संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक तहसील के लिए प्रतिदिन कार्य का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा इसकी प्रगति की प्रत्येक दो घंटे में रिपोर्ट के माध्यम से समीक्षा की जा रही है। कलेक्टर द्वारा भी दिन में दो बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से योजना के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके माध्यम से तहसीलवार प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।





