100 दिन से अधिक लंबित शिकायतों के निराकरण में देरी पर होगी अनुशासनात्मक कार्यवाही- कलेक्टर कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा बैठक संपन्न फोटो उमरिया 28 सितंबर। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होने कहा कि 100 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का तत्परता से निराकरण किया जाना सुनिश्चित कराए, इसमें शिकायते लंबित रहने पर संबंधित विभागीय अधिकारी के विरूध्द अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट न रहे अन्यथा संबंधित अधिकारी के विरूध्द कार्यवाही की जाएगी।

उन्होने कहा कि सभी शिकायतों का विभागीय अधिकारी गहनता से अध्ययन करें तथा अधिक से अधिक शिकायतें प्राथमिकता से निराकृत कराएं। आगामी 2 अक्टूबर को करेकली विकासखंड अंतर्गत घुलघुली क्षेत्र का भ्रमण किया जाएगा। शिविर आयोजन से पूर्व संबंधित क्षेत्र की शिकायतों का तत्परता से निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने निर्देश दिए कि सभी विभागीय अधिकारी भ्रमण के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहे।

उन्होने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं कमिश्नर कार्यालय शहडोल से प्राप्त शिकायतों का तत्परता पूर्वक निराकरण कराएं जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी अपने अधीनस्थ भवनों के संधारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराए। उन्होने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन विभागीय अधिकारी प्रस्तुत करें ताकि उन्हें समय सीमा में कम्प्यूटर में फीड किया जा सके।

कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया कि गिरदावली के कार्य को गति दें ताकि किसान पंजीयन में सुगमता हो सके। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, डीएफओ विवेक सिंह, अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार शर्मा, एसडीएम बांधवगढ अंबिकेश प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर कमलेश नीरज, प्रत्युष श्रीवास्तव,प्रिया अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।