आज पटना के अधिवेशन भवन में आयकर विभाग द्वारा 20वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। देशभर में आयोजित रोजगार मेले के 20वें चरण के तहत 45 स्थानों पर 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। पटना में 12 विभिन्न सरकारी विभागों के 275 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह, बिहार के सहकारिता मंत्री श्री राम कृपाल यादव, बिहार विधान सभा के सदस्य श्री कुंदन कुमार एवं श्री संजय कुमार सहित आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
युवा विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण सहभागी: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि वे ऐसे समय सरकारी सेवा में प्रवेश कर रहे हैं, जब देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, कौशल और ऊर्जा देश की विकास यात्रा की महत्वपूर्ण शक्ति हैं तथा उनके प्रत्येक निर्णय और कार्य से विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय युवाओं के कौशल को वैश्विक स्तर पर भरोसे के साथ देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्किल इंडिया मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और अप्रेंटिसशिप के माध्यम से युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने पीएम-सेतु के तहत 1,000 सरकारी आईटीआई को आधुनिक बनाने के लिए 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख किया।
उन्होंने ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग एक लाख करोड़ रुपये की इस पहल के माध्यम से करीब दो करोड़ युवाओं को पहली बार कार्यबल का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन तथा नए रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम में शामिल है और टियर-2 तथा टियर-3 शहरों के युवा भी बड़ी संख्या में उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आ रहे हैं।उन्होंने ब्रिक्स कनेक्ट, ब्रिक्स एमएसएमई सहयोग पोर्टल तथा भारत के विभिन्न देशों के साथ व्यापार समझौतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं के लिए नए बाजार, साझेदारी और करियर के अवसर बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रोजगार के अवसरों का विस्तार निवेश, नई औद्योगिक गतिविधियों और नए क्षेत्रों के विकास से जुड़ा है। उन्होंने आर्थिक वृद्धि, निवेश और सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि कर एवं अनुपालन व्यवस्था को सरल बनाने, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, कौशल विकास, नवाचार और ईज ऑफ लिविंग से जुड़े सुधारों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने नव नियुक्त कर्मचारियों से कहा कि सरकारी सेवा में लिया गया प्रत्येक निर्णय नागरिकों की आकांक्षाओं और देश के विकास को आगे बढ़ाने वाला होना चाहिए। उन्होंने मिशन कर्मयोगी, आईजीओटी कर्मयोगी और कर्मयोगी प्रारंभ का उल्लेख करते हुए निरंतर सीखने और नई तकनीक अपनाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकारी कर्मचारी अनेक अवसरों पर नागरिकों के लिए सरकार का प्रत्यक्ष चेहरा होते हैं। “नागरिक देवो भव:” के मंत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नागरिकों की सेवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी सेवा है और सरकारी सेवा की वास्तविक सफलता तब है, जब उससे नागरिकों का जीवन आसान हो।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, सरकार की प्राथमिकता: डॉ. जितेंद्र सिंह
केंद्रीय राज्य मंत्री, डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि रोजगार मेला वर्ष 2023 में शुरू हुए अभियान की एक सफल निरंतरता है। उन्होंने सरकारी भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता और समयबद्धता से जुड़े विभिन्न सुधारों का उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि परीक्षाओं को हिंदी और अंग्रेजी के अतिरिक्त 13 क्षेत्रीय भाषाओं में आयोजित करने की व्यवस्था की गई है तथा परीक्षा केंद्र के चयन, उत्तर कुंजी देखने और शिकायत निवारण की सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। उन्होंने दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा केंद्र चयन तथा सिविल सेवा परीक्षा के अंतिम चरण तक पहुंचने वाले लेकिन चयनित न होने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रतिभा सेतु का भी उल्लेख किया।
कर्मयोगी बने सरकारी कर्मचारी: श्री गिरिराज सिंह
केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि युवा देश के विकास में सबसे महत्वपूर्ण योगदानकर्ताओं में हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने नव न्युक्त कर्मचारियों से कर्मयोगी बनने और अपने त्वरित कार्य के माध्यम से नागरिकों का जीवन बेहतर करने की अपील की।उन्होंने युवाओं को बदलती बाजार आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्राप्त करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी भी बनें। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व को सराहना करते हुए कहा की एनडीए के सरकार में महिलाओं एवं युवाओं को लगातार रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।




