तहसील ढीमरखेड़ा के ग्राम बनगवां स्थित पदमा पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तहसील विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष एवं न्यायाधीश सुश्री पूर्वी तिवारी की उपस्थिति रही। इस दौरान नव्या सेतु ग्रुप के अध्यक्ष श्री अक्षत शर्मा द्वारा विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

वक्ताओं ने कहा कि वैश्विक महामारी के दौरान शुद्ध ऑक्सीजन की आवश्यकता और इसके महत्व को सभी ने महसूस किया। इसी को ध्यान में रखते हुए नव्या सेतु ग्रुप द्वारा गांव-गांव संचालित विद्यालयों में पहुंचकर विधिक साक्षरता शिविरों के साथ वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वृक्षों के संरक्षण का संदेश दिया गया।