सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम यूआईटी, आरजीपीवी झाबुआ में जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल एवं प्रोटोटाइप निर्माण एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए विज्ञान एवं तकनीक पर आधारित नवाचारों और आकर्षक मॉडल का प्रदर्शन किया।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नवाचार विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच एवं समस्याओं के समाधान की क्षमता विकसित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रहकर अपने विचारों को व्यावहारिक मॉडल एवं प्रोटोटाइप के माध्यम से प्रस्तुत करना चाहिए। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें अनुसंधान, तकनीकी विकास एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं।
महाविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट विज्ञान मॉडल पुरस्कृत
प्रतियोगिता के महाविद्यालय स्तर पर डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम यूआईटी, आरजीपीवी झाबुआ के श्री मोहम्मद नाजीम ने चेस मॉडल के लिए प्रथम स्थान प्राप्त कर 10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्राप्त की। इसी संस्थान के श्री प्रियंक शुक्ला ने जेस्चर कंट्रोल मॉडल के लिए द्वितीय स्थान प्राप्त कर 5 हजार रुपए तथा शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज झाबुआ के श्री सचिन रावत एवं श्री लोकेश चौबे ने इलेक्ट्रिक जनरेशन ऑफ व्हीकल मॉडल के लिए तृतीय स्थान प्राप्त कर 3 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्राप्त की।
विद्यालय स्तर पर भी विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता में आईपीएस स्कूल झाबुआ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 10 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्राप्त की। अणु पब्लिक स्कूल थांदला ने फुट स्टेप इलेक्ट्रिसिटी जनरेटर मॉडल के लिए द्वितीय स्थान प्राप्त कर 5 हजार रुपए तथा वेस्ट टू एनर्जी जनरेशन मॉडल के लिए तृतीय स्थान प्राप्त कर 3 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्राप्त की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, तकनीकी दक्षता एवं नवाचार क्षमता का परिचय दिया।
इस दौरान सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।







