मध्यप्रदेश शासन के राजस्व विभाग के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन की कल्याणकारी पहल के तहत डिंडौरी तहसील के सेवा-मुक्त 19 ग्रामीण कोटवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए कुल 19 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री रामबाबू देवांगन के निर्देशन में तहसीलदार डिंडौरी श्री शशांक शेण्डे द्वारा 15 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के माध्यम से प्रत्येक पात्र कोटवार को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है।

शासन के आदेश 5 अक्टूबर 2023 के परिपालन में स्वीकृत यह राशि संबंधित हितग्राहियों के बैंक खातों में ई-पेमेंट के माध्यम से अंतरित की जा रही है। लाभान्वित होने वाले कोटवारों में मिहीलाल, दिमाकु दास, अमीरकली, बोधन दास, जगतदास, इंद्रा बाई, चमरूदास, रमेश कुमार मार्को, अशोक दास, अमरदास, अनुराग दास, रामभगत मार्को, रामबाई, फुलमत बाई, अंगद दास, नथुलाल, धनीराम, समारू एवं केशु प्रसाद शामिल हैं।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि ग्रामीण कोटवार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो अपने सेवाकाल में ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक कार्यों के निर्वहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सेवा-मुक्ति के उपरांत उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की यह पहल उनके योगदान के प्रति सम्मान और प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाती है। इस निर्णय से लाभान्वित कोटवारों को आर्थिक संबल मिलेगा।