प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की वार्षिक कार्ययोजना के अनुसार जल संचय अभियान के तहत श्रमदान एवं जनसहभागिता से विकासखंड जुन्नारदेव में आज जल संरक्षण का कार्य किया गया। पंख सामाजिक विकास संस्थान जुन्नारदेव द्वारा जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं जनपद पंचायत जुन्नारदेव की सीईओ सुश्री रश्मि चौहान के नेतृत्व में यह पहल की गई।
विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने की उपस्थिति में संस्था प्रमुख सुश्री आर्या गुप्ता, श्रद्धा विश्वकर्मा, मेंटर सुश्री योगिता मर्सकोले, सुश्री दीपा मेश्राम, श्रीमती निमांशी रामपुरे तथा छात्र केशव गुप्ता एवं शिवजी मर्सकोले ने जल संरक्षण का संकल्प लेकर श्रमदान किया।
इस दौरान मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत माली से लगभग एक किलोमीटर पहले पहाड़ों से रिसकर आने वाले पानी के प्राकृतिक स्रोत झिरिया का गहरीकरण एवं आसपास साफ-सफाई की गई। पानी के बहाव वाले स्थान पर मिट्टी एवं रेत से भरी सीमेंट की लगभग 25 खाली बोरियों की सहायता से बोरी बंधान का निर्माण किया गया।
उल्लेखनीय है कि जुन्नारदेव के कई गांवों में अच्छी बारिश होने के बावजूद पानी को रोककर नहीं रखने से वर्षा का पानी बहकर निकल जाता है। इसके कारण कुछ महीनों बाद गांवों में पानी की कमी होने लगती है। इसी समस्या के समाधान के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड जुन्नारदेव के तत्वावधान में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों एवं अन्य ग्रामीणों ने मिलकर यह पहल की।
बोरी बंधान निर्माण के लिए सीमेंट की खाली बोरियों में मिट्टी एवं रेत भरकर उन्हें नालों में लगाया जाता है। विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने ने बताया कि इससे बारिश का पानी रुकता है और धीरे-धीरे जमीन के अंदर पहुंचता है। इससे खेतों, गांव के पशुओं एवं आसपास के जंगली जानवरों को भी पानी उपलब्ध होने में मदद मिलेगी।
इस पहल की विशेष बात यह रही कि ग्रामीणों ने स्वयं आगे आकर श्रमदान के माध्यम से बोरी बंधान का निर्माण किया। यह प्रयास दर्शाता है कि सामूहिक सहभागिता और स्वैच्छिक श्रम से जल संरक्षण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर श्री योगेंद्र विश्वकर्मा, श्री दुर्गेश कुमार, श्री शिवजी मर्सकोले, श्री गोविन्द नंदवंशी, श्रीमती योगिता मर्सकोले, सुश्री दीपा मेश्राम, श्री बामने सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।





