ग्राम खाचरौद, विकासखंड आष्टा, जिला सीहोर के पशुपालक श्री बलराम जाट के पास लगभग 10 भैंसें हैं, जिनसे वे प्रतिदिन करीब 60 लीटर दूध का उत्पादन करते हैं। पशुपालन के प्रति उनकी रुचि और उन्नत नस्ल की भैंसों के प्रति बढ़ती जागरूकता ने उन्हें नस्ल सुधार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वर्ष 2023-24 में मुर्रा पाड़ा योजना के अंतर्गत श्री बलराम जाट को 75 प्रतिशत अनुदान पर उन्नत नस्ल का मुर्रा पाड़ा प्राप्त हुआ। उन्होंने इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने पशुधन में नस्ल सुधार की दिशा में प्राकृतिक प्रजनन को अपनाया।
अपनी भैंसों में नस्ल सुधार की सफलता
मुर्रा पाड़े से प्राकृतिक गर्भाधान के माध्यम से अब तक श्री बलराम जाट की भैंसों से 6 उन्नत नस्ल की बछियों का जन्म हो चुका है। इन बछियों से उन्हें न केवल बेहतर नस्ल के पशुधन की उम्मीद है, बल्कि भविष्य में दूध उत्पादन में वृद्धि की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।
बलराम ने अपने व्यक्तिगत पशुधन तक ही इस पहल को सीमित नहीं रखा। उन्होंने आसपास के गांवों के पशुपालकों को भी उन्नत नस्ल के प्रजनन के लिए प्राकृतिक प्रजनन सेवा उपलब्ध कराना शुरू किया। अब तक उनके मुर्रा पाड़े द्वारा लगभग 200 भैंसों को प्राकृतिक प्रजनन सेवा प्रदान की जा चुकी है।
जो पहल शुरुआत में शौक और अपने पशुधन के नस्ल सुधार के उद्देश्य से शुरू हुई थी, वह आज श्री बलराम जाट के लिए अतिरिक्त आय का महत्वपूर्ण स्रोत बन गई है। वर्तमान में उनके मुर्रा पाड़े द्वारा प्रतिमाह लगभग 20 से 30 प्राकृतिक प्रजनन सेवाएं दी जा रही हैं, जिससे उन्हें करीब ₹10,000 प्रतिमाह की अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।
इस प्रकार, मुर्रा पाड़ा उनके लिए पशुधन की नस्ल सुधार का माध्यम बनने के साथ-साथ रोजगार एवं अतिरिक्त आय का साधन भी बन गया है।
अन्य पशुपालकों के लिए बने प्रेरणास्रोत
श्री बलराम जाट की सफलता से प्रेरित होकर आसपास के गांवों के अन्य पशुपालक भी मुर्रा नस्ल सुधार के लिए उनसे सलाह और प्रजनन सेवाएं लेने लगे हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र में उन्नत नस्ल के पशुधन के प्रति जागरूकता बढ़ रही है तथा पशुपालक नस्ल सुधार के महत्व को समझने लगे हैं।
आज बलराम जी केवल अपने पशुधन की नस्ल सुधार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांव एवं आसपास के क्षेत्र में पशुपालकों को उन्नत नस्ल अपनाने के लिए प्रेरित करने वाले व्यक्ति के रूप में पहचान बना चुके हैं।
श्री बलराम जाट का लक्ष्य है कि ग्राम खाचरौद एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पशुपालक अपनी देशी/अवर्णित भैंसों में उन्नत मुर्रा नस्ल के माध्यम से नस्ल सुधार करें, जिससे पशुओं की उत्पादकता बढ़े, पशुपालकों की आय में वृद्धि हो और क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण पशुधन का विकास हो।
उनकी कहानी यह संदेश देती है कि सरकारी योजना के माध्यम से प्राप्त एक उन्नत नस्ल का पशु यदि सही तरीके से उपयोग किया जाए, तो वह केवल एक परिवार की पशुधन संपदा नहीं बढ़ाता, बल्कि पूरे क्षेत्र में नस्ल सुधार, रोजगार और अतिरिक्त आय का माध्यम बन सकता है।
“एक मुर्रा पाड़े से शुरू हुआ नस्ल सुधार का प्रयास आज सैकड़ों भैंसों तक पहुंचकर पशुपालकों के लिए उन्नत पशुधन और अतिरिक्त आय की नई राह बना रहा है।






