वा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शनिवार, 26 सितम्बर को शासकीय सांदीपनि विद्यालय, बालाघाट में जिला स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में जिले के प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के लगभग 900 छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई चित्रकलाओं एवं कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद लोकसभा क्षेत्र बालाघाट श्रीमती भारती पारधी की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, नगरपालिका बालाघाट की अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी बालाघाट श्री गोपाल सोनी सहित शहर के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रंगों में साकार हुआ ‘मेरे सपनों का भारत’

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर अपनी कल्पनाओं, विचारों और भविष्य की आकांक्षाओं को रंगों एवं चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों की कलाकृतियों में देश के विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति, तकनीकी प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की परिकल्पना को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और कल्पनाशीलता आकर्षण का केंद्र रही।

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों में विकसित भारत को लेकर उनकी सोच और उम्मीदों की झलक देखने को मिली। चित्रकला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम के दौरान प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यार्थियों के बीच पहुंचे विधायक, सवाल-जवाब से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा क्षेत्र कटंगी के विधायक श्री गौरव सिंह पारधी भी विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनसे सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित भारत, शिक्षा, भविष्य की संभावनाओं एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर सवाल-जवाब किए। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएं और प्रश्न विधायक के समक्ष रखे। विधायक श्री पारधी ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सहजता से उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य के लिए मार्गदर्शन एवं प्रेरणा मिली। कार्यक्रम का समापन विधायक श्री गौरव सिंह पारधी के करकमलों द्वारा किया गया।

आयोजन में शिक्षा विभाग का रहा विशेष सहयोग

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन, एडीपीसी श्री मोहित डेहरिया, सहायक संचालक श्री सी.एस. मरावी, शासकीय सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले, उप प्राचार्य श्री साजिद मोहिस सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।